भिलाई। दुर्ग शहर के एक व्यापारी ने महाराष्ट्र में बड़ा जमीन घोटाला किया है। व्यापारी ने महाराष्ट्र में 11 एकड़ जमीन का सौदा किया और 5 करोड़ का चेक ले लिया। पैसे लेने के बाद जमीन देने में आनाकानी करने लगा। लगभग एक साल तक दुर्ग का व्यापारी महाराष्ट्र के व्यक्ति को जमीन के लिए घुमाता रहा। इसके बाद इसकी शिकायत थाने तक पहुंची और पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज का आरोपी की तलाश शुरू की। रविवार को महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम दुर्ग पहुंची और घोटालेबाज व्यापारी को गिरफ्तार कर ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार संतराबाड़ी दुर्ग निवासी कुलदीप सिंह (55) की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र की पुलिस पहुंची थी। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने मोहन नगर पुलिस की सहायता से संतराबाड़ी से कुलदीप को गिरफ्तार किया और अपने साथ ले गई। मोहन नगर पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि कुलदीप सिंह ने पालघर जिला में एक साल पहले 11 एकड़ जमीन का सौदा किया था। वसई थाना क्षेत्र के रहने वाले राम लाल तिवारी ने यह जमीन खरीदी और एडवांस के रूप में पांच करोड़ का चेक भी दिया था। एडवांस लेने के बाद भी कुलदीप ने जमीन नहीं दी। साल भर घुमाता रहा इसके बाद इस मामले में शिकायत हुई।
फर्जी तरीके से किया था जमीन का सौदा
पुलिस के अनुसार जिस जमीन का सौदा कुलदीप सिंह ने अपना बताकर किया था वह उसका था भी नहीं। गलत पता, गलत नाम व खुद को वसई निवासी बताकर कुलदीप सिंह ने उक्त जमीन का सौदा किया। रामलाल तिवारी को इसकी जानकारी नहीं थी और उसने एडवांस के रूप में पांच करोड़ रुपए देकर एग्रीमेंट कर लिया। बाद में पता चला तो रामलाल के होश उड़ गए और उसने शिकायत दर्ज कराई। महाराष्ट्र पुलिस 15 दिन पहले भी दुर्ग पहुंची थी लेकिन उस दौरान कुलदीप घर पर नहीं मिला। रविवार को दोबारा पहुंची टीम ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड लिया।