लखनऊ. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को उनके गृह ग्राम सैफई में अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार में राजनीति के कई दिग्गज नेता और मंत्री शामिल होंगे। मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 3 बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 82 साल के मुलायम सिंह करीब 2 साल से ब्लड प्रेशर और यूरिन इन्फेक्शन जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। मुलायम सिंह यादव 2 साल से बीमार चल रहे थे।

रात भर समर्थक जुटे रहे अंतिम दर्शन के लिए
नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए 5 हजार से ज्यादा लोग रातभर से उनके घर के बाहर खड़े हैं। उनके पार्थिव शरीर को सुबह 10 बजे से आखिरी विदाई के लिए यहां के मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़ कर कांगेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी सैफई पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, जेडीयू नेता केसी त्यागी और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बिहार के सीएम नीतीश कुमार का भी 12 अक्टूबर को सैफई आने का कार्यक्रम है।
