रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। सीएम आज सुबह 10 बजे के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां से यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह के पैतृक गांव सैफई जाएंगे जहां राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मुलायम सिंह जी बहुत ही वरिष्ठ राजनेता थे। कई बार सांसद-विधायक, तीन बार के मुख्यमंत्री, केंद्र में रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री का पदभार भी उन्होंने संभाला। समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे। उनका लंबा राजनीतिक जीवन था। एक ऐसे नेता थे जो जमीन से जुड़े हुए थे।
भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति
सीएम ने कहा के मुलायम सिंह यादव आम जनता से जुड़कर राजनीति करते थे और कड़े फैसले लेने में उन्होंने कभी पीछे नहीं हटे। ऐसे राजनेता के जाने से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धांजली दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा है कि मुलायम सिंह समर्पित जन नेता थे। वे स्पष्ट सोच व्यक्त करने वाले नेता के रूप में स्थापित रहे। मुलायम सिंह यादव समाजवादी राजनीति के मजबूत राजनेता थे।
