रायपुर. छत्तीसगढ़ में एक कांग्रेस नेता का नक्सली कनेक्शन सामने आने से सियासी हड़कंप मच गया है। भाजपा ने हमलावर होते हुए सोमवार को सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित राज्य के अतिसंवेदनशील इलाके का सत्तारूढ़ पार्टी का जिम्मेदार नेता नक्सलियों के साथ दूसरे राज्य में पकड़ा गया है। नक्सली आज कांग्रेस की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं, इसमें कोई संदेह नहीं रह गया है। ऐसे में क्या ब्लॉक महामंत्री के गिरफ्तार होने से यह समझा जाए कि कांग्रेस का नक्सलियों से रिश्ता है? प्रेस वार्ता में भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश प्रवक्ता दीपक मस्के, अमित साहू व अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम मौजूद रहे।
दो महिला नक्सलियों के साथ पुलिस ने पकड़ा
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक कांग्रेस का पदाधिकारी(महामंत्री) तेलंगाना में दो महिला और दो पुरुष नक्सलियों के साथ पकड़ा गया है। वह नक्सलियों को उपचार के लिए ले जा रहा था। तभी पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नक्सलियों और उनके मदद कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया।
पार्टी अध्यक्ष लिखेंगे गृह मंत्रालय को पत्र
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस और उसकी सरकार में नक्सलियों की सक्रिय सहयोग के ये दो-चार उदाहरण ही नहीं हैं। ऐसे कई मामले हैं। नक्सली शहीदी सप्ताह में 12 किलोमीटर लम्बी रैली निकालते हैं और सरकार को पता भी नहीं चलता। ऐसे कैसे हो सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव गृह मंत्रालय को पत्र लिख रहे है। छत्तीसगढ़ के कई नेता भी नक्सलियों द्वारा मारे गए हैं, ऐसे में कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा इलाज के लिए नक्सलियों को तेलंगाना ले जाना एक अति चिंतनीय विषय है। इसकी पूरी तरह जांच होनी चाहिए।
