रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष धान खरीदी की तैयारियां जोरों पर है। इस साल प्रदेश में धान खरीदी दिसंबर के बजाए नवंबर में ही शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने अपनी तैयारियां कर ली हैं। धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन पहले ही शुरू हो चुका था। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे से सोमवार को धान खरीदी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी एक नवंबर से शुरू की जा सकती है। उन्होंने बातया कि इसके सभी जिलों में अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अब तक धान खरीदी दिसंबर माह मे हो रही थी। अब पहली बार ऐसा होगा कि धान खरीदी दिसंबर की जगह नवंबर में की जाएगी। प्रदेश के किसान भी नवंबर से ही धान खरीदी करने की मांग उठाते रहें हैं।

कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगुवाई वाली सरकार किसानों की सरकार है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसान पुत्र हैं, किसानों के मुद्दे पर संवेदनशील हैं। एक नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ करने की तैयारी हो रही है। अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ में पिछले साल रिकॉर्ड धान खरीदी की गई थी,करीब 21 लाख 77 हजार 288 किसानों ने 98 लाख मीट्रिक टन धान बेचा था। इसके लिए उन्हें 20 हजार करोड़ रुपए का भुगतान हुआ था। सरकार ने इस साल 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है।
