रायपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भारत जोड़ो पदयात्रा का बुधवार को कन्याकुमारी से आगाज हो गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel), राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और तमिलनाडु के सीएम एमके. स्टालिन ने भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी को तिरंगा सौंपा। राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा आरंभ करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को भाजपा व आरएसएस अपनी निजी संपत्ति समझ रही है।
150 दिनों तक चलेगी यात्रा
राहुल गांाधी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हर धर्म, राज्य और भाषा का है, लेकिन आज भाजपा और आरएसएस की ओर से इस पर हमला किया जा रहा है। भाजपा के लोग भारत को धर्म और भाषा के आधार पर बांट रहे हैं। यह पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। 150 दिन की भारत जोड़ों यात्रा के दौरान राहुल कंटेनर के घर में रात बिताएंगे।

3570 किमी. लंबी होगी यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा का हर दिन एक नए स्थान पर पड़ाव होगा। ऐसे में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3570 किलोमीटर की यात्रा में हर दिन 60 कंटेनरों का एक नया गांव बसेगा। इसमें राहुल गांधी और उनके साथ चलने वाले यात्री ठहरेंगे। इन कंटेनरों को ट्रकों पर रखा गया है। सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी अलग कंटेनर में सोएंगे, जबकि बाकी अधिकतर कंटेनरों में 12 लोग सो सकेंगे। सभी पदयात्री एक टेंट में राहुल गांधी के साथ खाना भी खाएंगे।
