नई दिल्ली (एजेंसी)। राजधानी दिल्ली में गर्मी से बेहाल लोग गुरुवार सुबह हुई बारिश को लेकर खुश हुए ही थे कि वर्षा ने उनकी परेशानी बढ़ा दी। अभी तो मानसून की बारिश की पहली फुहार ही पड़ी है और हाल यह है कि दिल्ली एनसीआर की सड़कें तालाब बन गई हैं। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले कुछ दिनों से गर्मी के तेवर थे बहुत सख्त
बीते कुछ दिनों से गर्मी की मार झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से गर्मी चरम पर थी और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इससे परेशान होकर लोग बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे थे।
यहां जारी हैं अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, जम्मू कश्मीर में भी मानसून पहुंचने का एलान कर दिया है। दिल्ली एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी व पश्चिमी यूपी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किए गए हैं।

लोगों को कई दिनों से था इंतजार
इस साल मौसम विभाग ने मानसून के दिल्ली पहुंचने के लिए 27 जून की तारीख दी थी, लेकिन मानसून को आने में लगातार देरी हो रही थी और गर्मी के कारण एक-एक दिन काटना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा था। गुरुवार सुबह बारिश के फुहारों ने लोगों का यह इतजार खत्म कर दिया।
जलजमाव बनी समस्या
दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में सड़कों पर भारी जलजमाव की समस्या होने लगी है। बारिश के बीच ऑफिस, स्कूल या कॉलेज जाने वालों को सड़क मार्ग पर काफी दिक्कतें हो रही हैं।




