रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामलों में नया रिकार्ड बनाया है। अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए पिछले 24 घंटों में 808 नए मामले सामने आए। वहीं 8 लोगों की मौत भी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आज 249 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। नए केस के बाद प्रदेश में मरीजों की संख्या 16833 पहुंच गई है। अभी एक्टिव केस 5828 है। अब तक 10847 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं प्रदेश में अब तक 158 लोगों की मौत हो गई है।
प्रदेश का सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र राजधानी रायपुर है। यहां रोजाना 200 के करीब मामले मिल रहे हैं। पिछले 24 घंटों में यहां से 267 नए मामले मिले। वहीं जिले में 7 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही राजधानी रायपुर में मरने वालों की संख्या संख्या 86 हो गई है। कुल मरीजों के साथ ही एक्टिव केस के मामले में रायपुर टॉप पर है। यहां 5893 मरीज व 2451 एक्टिव केस है।
प्रदेश में रिकवरी रेट भी गिरा
प्रदेश में जिस रफ्तार से मरीज बढ़ रहे हैं, उस रफ्तार से स्वस्थ नहीं हो रहे हैं इस वजह से कोविड अस्पतालों में बेड को लेकर लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताहभर पहले प्रदेश में रिकवरी रेट 70 फीसदी से ज्यादा थी। वहीं अब यह दर गिरकर 65 फीसदी तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में मिले मरीजों में राजधानी रायपुर से 267, दुर्ग से 92, रायगढ़ से 74, राजनांदगांव से 58, बस्तर से 48, बिलासपुर से 44, बालोद से 34, कांकेर से 31, कोरबा से 21, नारायणपुर से 20, जशपुर से 19, सुकमा से 16, जांजगीर-चांपा से 15, बीजापुर से 12, सरगुजा से 11, सूरजपुर से 9, धमतरी, कोरिया व गरियाबंद से 5-5, दंतेवाड़ा व कोरिया से 4-4, कबीरधाम- 3, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, बलरामपुर व कोंडागांव से 2-2 तथा मुंगेली से 1 शामिल है।




