भिलाई। जन्माष्टमी के दिन गुरुवार की सुबह हुई बारिश के कारण पूरा शहर तरबतर हो गया है। भिलाई शहर की निचली बस्तियों में पानी भरना आम है लेकिन इस बार आकाशगंगा सुपेला बाजार पूरा पानी पानी हो गया। आकाशगंगा मार्केट के गार्डन सहित दुकानों में पानी भर गया। ज्वेलरी दुकानों से लेकिर फर्नीचर व इलेक्ट्रानिक दुकान जलमग्न हो गए। सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। इस दौरान दुकान दार निगम प्रशासन को कोसते दिखे।


बता दें गुरुवार को सुबह से ही भिलाई में तेज बारिश का दौर जारी है। लगभग दो घंटे हुई तेज बारिश के कारण जगह जगह जल भराव हो गया। सुपेला में निर्माणाधीन अंडरब्रिज के कारण रेलवे ट्रैक से लगे नाले को बंद कर दिया गया जिसका असर आकाशगंगा मार्केट में देखने को मिला। दरअसल बारिश के पानी को निकालने के लिए ट्रैक से लगे नाले को जोड़ते हुए मार्केट से कनेक्टिंग नाली खोदी गई। लेकिन अब इस नाले का पानी मार्केट की ओर बहने लगा जिससे गुरुवार को पूरा मार्केट पानी पानी हो गया। मार्केट के दुकानदार घंटों मशक्कत करते रहे लेकिन पानी का बहाव कम नहीं हो पाया।






