बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। रात में पत्नी से विवाद हुआ तो उसका भाई उसे लेकर चला गया। दूसरे दिन पति की फंदे में लटकी मिली। मामला जिले पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम धुर्वाकारी निवासी नीतिश भारद्वाज (30) खेती किसानी करता था। बताया जाता है कि वह शराब पीने का आदी था और इसकी वजह से आए दिन उसकी पत्नी से विवाद होता था। उसके दो बच्चे भी हैं। पचपेड़ी पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात को भी उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद बढ़ा तो पत्नी ने अपने भाई को बुलवा लिया और बच्चों को लेकर मायके चली गई।
पत्नी के इस तरह मायके जाने से नीतिश काफी नाराज हुआ। इसकी वजह से वह काफी परेशान हुआ। दूसरे दिन बुधवार को सुबह उसके घर का दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने से पड़ोसियों ने आवाज लगाई इसके बाद दरवाजा नहीं खुला। इस दौरान एक पड़ोसी ने पीछे के रास्ते से जाकर देखा तो नीतिश फांसी पर लटक रहा था। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया और पीएम के लिए भेजा।




