कांकेर Kanker. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में स्थित शिवनगर दत्तक केन्द्र की प्रोग्राम मैनेजर सीमा द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दत्तक केन्द्र के बच्चों को पीटते प्रोग्राम मैनेजर का वीडियो वायरल हुआ था इसके बाद यह मामला संज्ञान में आया। इस मामले में कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने कड़ी कार्रवाई की और उनके निर्देश पर न सिर्फ प्रोग्राम मैनेजर पर एफआईआ हुई बल्कि उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया।
आरोपी सीमा द्विवेदी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम व एससी एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलवा तत्कालीन महिला एवं बाल विकास अधिकारी सीएस मिश्रा को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं बाल विकास अधिकारी का साथ देने तथा साक्ष्य छिपाने के लिए बाल संरक्षण अधिकारी रीना लारिया को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।

वीडियों में दिखी थी मासूम से क्रूरता
बता दें दत्तक ग्रहण केन्द्र का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार से यहां की प्रोग्राम मैनेजर सीमा द्विवेदी बच्ची को पीट रही थी। उसने एक बच्ची को पहले हाथ से मारा फिर बाल पकड़कर उठाकर जमीन पर पटक दिया। जमीन पर गिरी बच्ची को दोबारा फिर से खड़ा किया, एक बांह पकड़कर पलंग पर पटक दिया। बच्ची चीखती है, चिल्लाती है, रोने लगती है। इस बीच दो आया वहां से गुजरती हैं लेकिन वह दोनों की बच्चों के साथ हो रही बर्बरता को नहीं रोकती। बताया जा रहा है इस केन्द्र में यह रोज की बात है।
इस पूरे मामले में एक और हैरान करने वाली जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि प्रोग्राम मैनेजर का प्रेमी है, जो अक्सर रात में पहुंचता है। बच्चों के इस दत्तक केन्द्र में बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी है इसके बाद भी उसका प्रेमी पहुंचता है। प्रेमी से विवाद होता है तो उसका गुस्सा प्रोग्राम मैनेजर बच्चों पर निकालती हैं। यहां के मासूम बच्चे महीनों से इसकी प्रताड़ना सह रहे हैं। यह भी पता चला है कि बच्चों के साथ हो रही बर्बरता को विरोध करने पर 8 कर्मचारियों को केंद्र से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। दत्तक केन्द्र में सीसी टीवी कैमरे में लगाए गए हैं जिन्हें में रात में बंद करने की भी बात सामने आई है। इस पूरे मामले की शिकायत महिला बाल विकास अधिकारी रहे सीएस मिश्रा तक भी पहुंचा लेकिन उन्होंने मामला दबा दिया।




