भिलाई। सोमवार की सुबह सुपेला थाने के सामने दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी पर निकले जवान को अज्ञात वाहन चालक ने ठोकर मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में सुपेला पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज कां खंगाला जा रहा है।



सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कांट्रेक्टर कॉलोनी निवासी जवान विनोद साहू (27) सुबह अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। वह कुछ दिनों से छुट्टी पर था और छुट्टियां खत्म होने पर आज ही ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था। वह 21 वीं बटालियन में पदस्थ था। विनोद साहू अपनी मोटरसाइकिल से दुर्ग की ओर जा रहा था। सुपेला थाने के पास हादसा हुआ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुपेला थाने की पेट्रोलिंग टीम को जवान की लाश सड़क पर मिली। हादसा इतना भयानक था जिससे जवान का सिर पूरी तरह से कुचल गया वहीं मोटरसाइकिल के भी परखच्चे उड़ गए हैं।




