भिलाई। दुर्घटना में मृत आरक्षक उपेन्द्र कुमार तिवारी की नामिनी उनकी माता चंद्रकांति तिवारी को पुलिस सेलरी पैकेज (पीएसपी) दुर्घटना मृत्यु दावा के अंतर्गत 1 करोड़ रुपए का चेक मिला। एसएसपी विजय अग्रवाल, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक रूपक मंडल सेक्टर-1 भिलाई तथा एसबीआई शाखा गंजपारा के शाखा प्रबंधक राहुल मोदी के द्वारा आरक्षक की माता को 1 करोड़ रूपये का चेक सौंपा गया।

आरक्षक उपेन्द्र कुमार तिवारी पुलिस विभाग जिला दुर्ग में कार्यरत थे, जिनका 26 दिसंबर 2024 को सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। पुलिस विभाग द्वारा एसबीआई से पुलिस सेलरी पैकेज के अंतर्गत सकल बीमा कवरेज का एमओयू किया गया है, जिसके अंतर्गत सड़क दुर्घटना में पुलिस कर्मी की मृत्यु होने पर शुक्रवार को उनकी नामिनी माताजी चंद्रकांति तिवारी को मिला 1 करोड़ रुपए का चेक सौंपा गया। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पुलिस सेलरी पैकेज के अन्तर्गत दुर्घटना के कारण मृत्यु, स्थायी पूर्ण विकलांगता या स्थायी आंशिक विकलांगता होने पर पृथक-पृथक राशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है।




