आगरा। गुरुग्राम से मध्यप्रदेश के पन्ना शहर जा रही यात्रियों से भरी बस को आगरा में हाईजैक कर लिया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमेुं में हडकंप मचा हुआ है। मौके मुआयना कर पुलिस बस की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि आगरा के मलपुरा के न्यू दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल प्लाजा के पास से एक बस को हाईजैक किया गया है। बस में 34 लोग सफर कर रहे थे। बस चालक ने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक बस चालक ने बताया कि गाड़ी सवार कुछ लोगों ने तड़के 4:00 बजे बस का पीछा करके रुकवाया। इन लोगों ने खुद को फाइनेंस कर्मी बताया था। बस को रोकने के बाद इन लोगों ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बस को लेकर आगे बढ़े। रास्ते में एक ढाबे पर बस को रोका और सभी सवारियों के पैसे वापस करवाएं और खाना भी खिलाया। इसके बाद उन्होंने एत्मादपुर क्षेत्र में चालक को उतार दिया। चालक ने मलपुरा थाने आकर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस में हड़कंप है। बस हाईजैक करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है। पूरे जिले में पुलिस को अलर्ट किया गया है।




