मॉस्को (एजेंसी)। युद्ध संकट के बीच रूस ने दावा किया है कि अमेरिका यूक्रेन को जैविक हथियार के लिए वित्त पोषित कर रहा है। रूस ने कहा कि यूक्रेन में अपने सैन्य ऑपरेशन के दौरान वहां जैविक हथियार बनाने के मजबूत सबूत मिले हैं और इसके पीछे अमेरिका का हाथ है। वहीं इस दावे को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को एक बैठक भी बुलाई। इस बैठक में अमेरिका ने भी पलटवार किया। अमेरिका ने कहा कि रूस दुनिया के सामने झूठी अफवाह फैला रहा है। राष्ट्रपति पुतिन ही इस तरह के अवैध काम को अंजाम देते आए हैं।
क्या था रूसी सैनिकों का दावा
रूस के विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि अमेरिका यूक्रेन के अंदर यूक्रेन सरकार के पूर्ण समर्थन से एक गुप्त सैन्य-जैविक कार्यक्रम चला रहा है। रूसी सरकार ने एक ट्वीट में कहा कि उसके सैनिकों ने सैन्य-जैविक कार्यक्रम के सबूत खोजे हैं।

चीन ने की जांच की मांग
रूस के सहयोगी चीन ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए चिंता जताई। चीन के संयुक्त राष्ट्र के राजदूत झांग जून ने रूस के आरोपों पर कहा कि यह एक गंभीर आरोप है और इसकी हर स्तर से जांच होनी चाहिए।
