शरीर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए तीन समय पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी जाती है। इसमें भी सुबह के नाश्ते को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। असल में रात के करीब 7-8 घंटे पेट खाली होता है, ऐसे में शरीर को पर्याप्त ऊर्जा के लिए नाश्ते में पोषक तत्वों से भरपूर आहार की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नाश्ते में अगर मोटे अनाजों से तैयार आहार को शामिल किया जाए तो न सिर्फ यह शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति कर सकता है, साथ ही इसमें मौजद गुण कई प्रकार के रोगों के खतरे को कम करने में भी सहायक माने जाते हैं।
अध्ययनों से पता चलता है कि जौ, रागी, बाजरा, गेंहू और ज्वार जैसे आहार कई तरह के पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत माने जाते हैं। इनका सेवन करना पेट से लेकर डायबिटीज तक की समस्याओं को ठीक करने में सहायक हो सकता है। डायबिटीज रोगियों के लिए इन अनाजों से बने आहार का सेवन अत्यंत फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इन अनाजों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर की मात्रा पेट को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है। आइए जानते हैं कि इन अनाजों को नाश्ते में शामिल करके आप किस तरह से लाभ प्राप्त कर सकते हैं?

जौ का सेवन
प्राचीन समय से ही देश में जौ से बनी रोटी और अन्य चीजों का सेवन किया जाता रहा है। जौ में हाई फाइबर की मात्रा पाई जाती है, जो पाचन को ठीक रखने के साथ ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मददगार साबित हो सकती है। अध्ययनों से पता चलता है कि इस अनाज में कई तरह के विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं जिससे शरीर को कई तरह से लाभ मिल सकता है। नाश्ते में जौ की रोटी या दलिया खाया जा सकता है।

कई पोषक तत्वों से भरपूर है ज्वार
अध्ययनों में ज्वार के सेवन को सेहत के लिए विशेष लाभदायक बताया गया है। पाचन की समस्याओं से परेशान लोगों के लिए यह अनाज काफी लाभकारी हो सकता है, क्योंकि इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है। फाइबर पाचन को दुरुस्त बनाए रखने के साथ कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करती है। ज्वार को पोटेशियम, फॉस्फोरस और कैल्शियम से भी भरपूर माना जाता है जोकि हड्डियों की सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक है। नाश्ते में ज्वार की रोटी का सेवन किया जा सकता है।
डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है बाजरा
डायबिटीज की समस्या के शिकार लोगों के लिए बाजरा सबसे फायदेमंद अनाजों में से एक हो सकता है। बाजरा का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है ऐसे में यह शुगर के मरीजों के लिए अच्छा नाश्ता हो सकता है। इसके अलावा इस अनाज में भी फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है जो इसे पेट के लिए काफी फायदेमंद बनाती है। बाजरे की खिचड़ी के नियमित सेवन से ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
कमजोरी की समस्या दूर करेगी रागी
शरीर में कमजोरी की समस्या से परेशान लोगों के लिए रागी से बने आहार का सेवन करना लाभदायक हो सकता है। रागी को आयरन का अच्छा स्रोत माना जाता है जो शरीर में खून की मात्रा बढ़ाती है जिससे ऊर्जा का स्तर बेहतर बना रहता है। पेट के लिए भी इस अनाज को काफी फायदेमंद माना जाता है, कारण- इसमें मौजूद फाइबर की मात्रा। नाश्त में रागी का हलवा खाना आपके लिए लाभदायक हो सकता है।