भिलाई। आईटीआई ग्राउंड खुर्सीपार में आज सुबह युवक की नग्न लाश मिलने से सनसनी मच गई। सुबह खेलने पहुंचे युवकों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उडिया बस्ती जोन 3 खुर्सीपार निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल हत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है।
खुर्सीपार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह आईटीआई ग्राउंड में खून से लथपथ शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला किसी ने युवक की सिर पर भारी भरकम वस्तु से वार कर हत्या कर दी है। घटना आधी रात के बाद की हो सकती है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान जोन 3 उडिय़ा बस्ती निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि रविवार आधी रात के बाद यहां शराब पार्टी होने की आशंका। मौके पर खाली शराब की बोतल, पानी पाउच व अन्य सामग्री भी बरामद हुए हैं। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां एक से अधिक युवक रहे होंगे। फिलहाल आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही हैं। हत्या क्यों हुई किसने की इस संबंध में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा हे जहां घटना घटी है वहां रात को आसामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। आसपास सुनसान होने के कारण यहां पर रात को शराब पार्टी का दौर चलता रहता है। इसके कारण कई बार मारपीट की घटनाएं भी हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात को भी शराब पार्टी का दौर चला होगा जिसके बाद विवाद की स्थिति के बाद युवक की हत्या कर दी गई। फिलहाल पुलिस इस हत्या के मामले को सुलझाने के प्रयास में लग गई है।