विभिन्न स्टॉलों में दिखी बस्तर के विकास की झलक
रायपुर। एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुँचे सांसद श्री राहुल गांधी का साईंस कॉलेज मैदान में लगाए गए बस्तर डोम में आदिवासी परम्परा और रीति से तिलक लगाकर तथा बाइसन मुकुट पहनकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बाइसन मुकुट पहनाया।
सांसद राहुल गांधी ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर बस्तर के विकास की झलक देखी। शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियो से मुलाकात कर उनके जीवन शैली में आए बदलाव से अवगत हुए। उन्होंने बस्तर के आसना से आये नर्तक दल के साथ फोटो भी खिंचवाई। राहुल गांधी ने माटी कला बोर्ड के स्टॉल में चाक पर दीये को आकार दिया। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात के दौरान उन्हें तुम्बा टेबल लैम्प, मिट्टी से बनी बोतल और लकड़ी से बने पेन स्टैण्ड की भेंट भी मिली। डेनेक्स के स्टाल पर महिलाओं ने उन्हें डेनेक्स में बना नेहरू जैकेट भेंट किया। राहुल गांधी ने बड़ी आत्मीयता के साथ जैकेट पहनकर कहा कि यह बहुत आरामदायक है। सांसद राहुल गांधी ने बस्तर डोम में दंतेवाड़ा के डेनेक्स के स्टॉल में रेडिमेड वस्त्र निर्माण में कार्यरत हारम गांव की शांति, प्रीति, संजना, बारसूर गांव की प्रियंका सहित वहां उपस्थित महिलाओं-युवाओं से बात की। उन्होंने उनके अनुभव जाने और आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में स्थापित इस यूनिट में डेढ़ हजार से अधिक परिवारों को रोजगार मिल रहा है। डेनेक्स से कई कंपनियों ने पांच साल के लिए साढ़े चार सौ करोड़ रुपये के एमओयू किये हैं।




