नई दिल्ली (एजेंसी)। दुनिया भर में आ रहे ताबड़तोड़ नए मामलों की वजह बना कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट भारत में भी तेजी से फैलता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में अब ओमिक्रॉन वैरिएंट के 200 से ज्यादा केस हो गए हैं। ताजा हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, इन 200 मरीजों में से 77 ठीक हो चुके हैं।
India has a total of 200 cases of #OmicronVariant so far: Ministry of Health and Family Welfare pic.twitter.com/zq7AJ0Oqqj
— ANI (@ANI) December 21, 2021
ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मामलों में भी महाराष्ट्र और दिल्ली सबसे आगे हैं। दोनों ही जगह ओमिक्रॉन वैरिएंट के अब तक 54-54 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, इसके बाद तेलंगाना में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 20, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में 14 मामले आ चुके हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 2, आंध्र प्रदेश में 1, चंडीगढ़ में 1, तमिलनाडु में 1 और पश्चिम बंगाल में भी एक मामला दर्ज किया गया है।
अभी तक देश के 12 राज्यों में ओमिक्रॉन के मामले आए हैं। बता दें कि ओमिक्रॉन वैरिएंट का पहला केस नवंबर माह में दक्षिण अफ्रीका में सामने आया था। इसके कुछ ही दिनों के अंदर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमिक्रॉन को वैरिएंट ऑफ कंसर्न घोषित कर दिया था।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक सामने आए ओमिक्रॉन के मरीजों में हल्के लक्षण देखे गए हैं या फिर इनमें कोई लक्षण नहीं हैं। हालांकि, मंगलवार को देश में कोरोना के महज 5 हजार 326 नए मामले ही दर्ज किए हैं। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच देश में नए कोविड केसों में गिरावट जारी है। वहीं, पिछले एक दिन में कोरोना से कुल 8 हजार 43 मरीज ठीक हुए हैं।





