भिलाई। विधानसभा चुनावों में मिली हार से भाजपा सबक लेती नहीं दिख रही है। गुटबाजी का आलम यह है कि पार्षद पद के लिए प्रत्याशी चुनने में भी जीत को आधार बनाने की बजाए तेरा प्रत्याशी और मेरा प्रत्याशी किया जाता रहा। इसी का नजारा कल भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में भी देखने को मिला। सुबह साढ़े 3 बजे तक चली इस बैठक में तीनों नगर निगमों के चुनाव प्रभारियों के साथ ही प्रत्याशी चयन समिति के तमाम सदस्य मौजूद थे। इस दौरान जिन वार्डों के लिए सिंगल नाम आए थे, वहां और नाम जुड़वाए गए तो वहीं जिन लोगों ने दावेदारी नहीं की थी, उनके नाम भी पैनल में शामिल करवा दिए गए। जबकि इस बैठक का उद्देश्य ही प्रत्याशियों के नाम तय करना था।
भाजपा ने अपने स्तर पर जो सर्वे आदि करवाया था, उसकी रिपोर्ट को सामने रखकर चर्चा प्रारम्भ हुई तो कई नामों को लेकर विवाद की स्थितियां उत्पन्न हुई। इसके चलते जहां एक नाम तय था, वहां दो या अधिक नाम और जोड़ दिए गए। इनमें कई नाम तो ऐसे भी रहे, जो उस वार्ड के निवासी भी नहीं है। जबकि प्रारम्भ में आयातीत प्रत्याशी से परहेज करने की बात कही गई थी। जानकारियों के मुताबिक, दुर्ग संभागीय चुनाव समिति की यह बैठक भिलाई के 70 में से 47 वार्डों को ही पैनलाइज कर पाई। 23 वार्डों पर नाम तय ही नहीं किए जा सके। इन वार्डों के प्रत्याशियों का जिम्मा प्रदेश संगठन पर छोड़ दिया गया। नाम फाइनल करने को लेकर हुई इस बैठक में चुनाव प्रभारी संतोष पांडेय से लेकर, रिसाली नगर निगम चुनाव के संचालन प्रभारी धरमलाल कौशिक नेता प्रतिपक्ष, चुनाव प्रभारी किरण देव प्रदेश महामंत्री, चुनाव सह प्रभारी पुरेन्दर मिश्रा, दुर्ग सांसद विजय बघेल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश पांडेय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य शिरीष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार साहू, पूर्व विधायक सांवला राम डाहरे, पूर्व विधायक जागेश्वर साहू, जिला महामंत्री मारकंडेय तिवारी, शंकरलाल देवांगन, खिलावन साहू, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, रिसाली मंडल प्रभारी पुरुषोत्तम देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष अर्जुन सचदेवा, रिसाली मंडल अध्यक्ष राजीव पांडेय शामिल हुए।
ऐलान अब रायपुर से
भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं की माथापच्ची खत्म हुई तो स्थानीय नेताओं ने राहत की साँस ली। संतोष इस बात को लेकर भी था कि वे अपने लोगों के नाम पैनल में शामिल करवाने में कामयाब रहे। इससे पहले देर रात प्रत्याशियों के नाम चयन को लेकर भाजपा के दिग्गज नेता मंथन करते रहे और हर वार्ड से नामों का चयन कर एक पैनल तैयार किया। अब इसी पैनल प्रत्याशियों में से किसी एक के नाम का चयन कर भिलाई नगर निगम सहित चरौदा, रिसाली और जामुल की लिस्ट जारी कर दी जाएगी। बताया जाता है कि भाजपा ने भिलाई नगर निगम के 70 वार्डों में से एक-दो वार्ड को छोड़कर शेष वार्डों के लिए प्रत्याशियों के नाम का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को भेज दिया है। इसके बाद वहां से आज शाम तक लिस्ट जारी की जा सकती है।
चली लम्बी खींचतान
देर रात हुई बैठक में जिले से भाजपा के सभी बड़े नेता मौजूद रहे। उनके द्वारा नाम फाइनल करने को लेकर आपसी खींचतान भी चली। बताया जा रहा है कि कई वार्डों में उन नामों को भी पैनल में डाला गया है, जिन्होंने उस वार्ड से दावेदारी के लिए आवेदन भी नहीं दिया। ऐसे में प्रत्याशियों में नाराजगी भी दिख रही है। कई प्रत्याशियों का कहना है कि पार्टी को उन्हीं नामों पर विचार करना चाहिए, जिन्होंने चुनाव लडऩे के लिए आवेदन दिया है। दूसरे वार्ड के दावेदार को दूसरे वार्ड से लडऩे के लिए कहना भी गलत है।
इनकी टिकट कन्फर्म
बैठक में कई वार्डों से सिंगल नाम फायनल किए गए हैं। इनमें वार्ड क्रं. 2 स्मृति नगर से राजीव चौबे, वार्ड क्रं. 3 मॉडल टाउन से रमेश दादर, वार्ड क्रं. 4 नेहरू नगर से मीरा बोरकर, वार्ड क्रं. 8 कृष्णा नगर से संतोष श्रीरांगे, वार्ड क्रं. 9 सुपेला से रानीदेवी केशरवानी, वार्ड क्रं. 10 लक्ष्मीनगर से दीपक रवाना, वार्ड क्रं. 11 फरीदनगर कोहका से महेश वर्मा, वार्ड क्रं. 16 सुपेला से धनेश्वरी साहू, वार्ड क्रं. 17 नेहरू भवन वार्ड से भोजराज सिन्हा, वार्ड क्रं. 19 राजीव नगर कोहका से रामानंद मौर्या, वार्ड क्रं. 21 कैलाश नगर कुरूद से रीता सिंह, वार्ड क्रं. 23 घासीदास नगर से गायत्री यादव, वार्ड क्रं. 24 हाउसिंग बोर्ड से सिद्धार्थ यादव, वार्ड क्रं. 33 संतोषीपारा से धार्मिन सोहन देवांगन, वार्ड क्रं. 34 वीर शिवाजीनगर से छोटेलाल चौधरी, वार्ड क्रं. 36 श्यामनगर से विनोद चेलक, वार्ड क्रं. 45 बालाजीनगर से श्यामसुंदर राव, वार्ड क्रं. 59 सेक्टर-5 पूर्व से शिवप्रकाश शिबू और वार्ड़ क्रं. 68 सेक्टर-8 से अनिता सिंह के नाम शामिल हैं। जानकारों के मुताबिक, सिंगल नाम होने की वजह से इन दावेदारों को टिकट मिलना लगभग तय है।




