लखनऊ (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार दोपहर सुल्तानपुर के कूरेभार पहुंचकर उत्तर प्रदेश के 9 जिलों को जोडऩे वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस का लोकार्पण किया। जनता को समर्पित होते ही यूपी वासियों में इसे लेकर खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
कार्यक्रम के लिए पीएम मोदी एक्सप्रेसवे पर बनाई गई हवाई पट्टी पर भारतीय वायुसेना के मालवाहक विमान सी-130 जे हरक्युलिस से पहुंचे थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की, जिसके बाद कार्यक्रम की शुरूआत की गई।
पीएम मोदी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शिलान्यास तीन साल पहले किया गया था और आज सिर्फ 36 महीने में 341 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित होने जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे पूर्वांचल के विकास को नई ऊंचाइयां देने वाला साबित होगा।
इसके लोकार्पण के साथ ही अपेक्षाकृत पिछड़े इलाके पूर्वांचल को विकास के पंख लग जाएंगे। एक्सप्रेस-वे के नजदीकी क्षेत्रों में उद्योगों के विकास के साथ शैक्षणिक व स्वास्थ्य संस्थान, वाणिज्यिक केंद्र खुलने से विकास के साथ रोजगार की नई राह भी खुलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन साल पहले जब मैंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था तब मैंने नहीं सोचा था कि एक दिन इस एक्सप्रेसवे पर ही मैं विमान से उतरूंगा भी। यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास का एक्सप्रेसवे है। यह एक्सप्रेसवे यूपी की प्रगति का एक्सप्रेसवे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये एक्सप्रेसवे यूपी की शान है। ये यूपी का कमाल है।
पीएम मोदी ने कहा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को यूपी की जनता को समर्पित करते हुए अपने आप को धन्य महसूस कर रहा हूं। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से राजनीति हुई, जिस तरह से लंबे समय तक सरकारें चलीं उसने यूपी के सर्वांगीण विकास पर ध्यान ही नहीं दिया। यूपी का यह क्षेत्र तो माफियावाद और यहां के लोगों को गरीबी के हवाले कर दिया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे 22 हजार करोड़ रुपये में बनकर तैयार हुआ है जो कि आने वाले समय में प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के निवेश का माध्यम बनेगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की विशेषता सिर्फ यही नहीं है कि यह 9 जनपदों को जोड़ेगा बल्कि यह एक्सप्रेसवे लखनऊ को उन शहरों से भी जोड़ेगा जहां विकास की असीम संभावनाएं हैं। पहले यूपी जैसे विशाल प्रदेश में एक शहर दूसरे शहर से दूर रहता था। पूर्वांचल के लोगों के लिए तो लखनऊ पहुचना भी महाभारत जीतने जैसा होता था पर अब आवागमन बेहद आसान होगा।
सुखोई 30 विमानों ने हवा में करतब दिखाए
भारतीय सेना के विमानों ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपात लैंडिंग की और अपने शौर्य का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयर शो का आनंद लिया और सेना की बहादुरी को सराहा। पीएम मोदी के सामने मालवाहक विमान एएन 32 हरक्युलिस, मिराज 2000 और जगुआर ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लैंडिंग की। सुखोई 30 विमानों ने हवा में करतब दिखाए। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरक्युलिस विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।




