रायपुर। रायपुर शहर में अब यात्री बसों को एंट्री नहीं मिलेगी। कलेक्टर सौरभ कुमार ने शहर के भीतर बसों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी है। यात्री बसें अब रिंग रोड होते हुए भाटागांव में बने नए बस स्टैंड तक जाएंगी। अन्य शहरों से आने वाले यात्री भटगांव बस स्टैंड से आटो या टैक्सी व अन्य साधनों से शहर में अपने गंतव्य तक जाएंगे।
बता दें कि अब तक बस स्टैंड शहर के भीतर पंडरी में था। राज्य के दूसरे शहरों और दूसरे प्रदेशों से भी बसें पंडरी तक आती थीं। मगर अब ये सभी बसें भाटागांव बस स्टैंड से ही रवाना होंगी। शहर में इन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कलेक्टर ने अपने आदेश में साफ किया है कि शहर के भीतर सिटी बस और स्कूल बस चल सकेंगी। शहर के भीतर अब यात्री बसों को चलाने की अनुमति नहीं होगी। लोगों को भी शहर से बाहर जाने के लिए बसें भाटागांव के नए बस स्टैंड से ही मिलेंगी। 15 नवंबर से पूरी तरह बसों का संचालन नए बस स्टैंड से ही किया जाएगा।




