मुंबई (एजेंसी)। अगर आप डिजिटल भुगतान करते हैं और इसमें खामियों को पकड़कर सुधार करने का माद्दा रखते हैं तो आप 40 लाख रुपये जीत सकते हैं। यह कोई लॉटरी नहीं, बल्कि आपकी प्रतिभा का इनाम है और इसे देगा भारतीय रिजर्व बैंक। दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित एवं उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से अपना पहला वैश्विक हैकथॉन आयोजित करने जा रहा है।
आरबीआई ने मंगलवार को इस हैकथॉन की घोषणा करते हुए कहा कि डिजिटल भुगतान को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाना इसकी विषयवस्तु रखी गई है। हार्बिंजर 2021 नाम के इस हैकथॉन के लिए पंजीकरण 15 नवंबर से शुरू होंगे। केंद्रीय बैंक ने कहा कि हैकथॉन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल भुगतान की पहुंच वंचित तबके तक करने, भुगतान को सरल बनाने एवं इससे जुड़े अनुभव को बेहतर करने के साथ ही डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाने से जुड़़े मुद्दों की पहचान करने के साथ उनके समाधान पेश करने होंगे।
ऐसे होगा विजेता का चयन
आरबीआई ने बयान में कहा कि हार्बिंजर 2021 का हिस्सा बनने से प्रतिभागियों को उद्योग के जानकारों का मार्गदर्शन हासिल करने और अपने अभिनव उपाय दिखाने का मौका मिलेगा। एक ज्यूरी हरेक वर्ग में विजेताओं का चयन करेगी। पहला स्थान पाने वाले को 40 लाख रुपये दिए जाएंगे जबकि, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 20 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।




