भिलाई। ट्विन सिटी में सोमवार को आंध्रवासियों ने नाग देवता की पूजा की। इस मौके पर आंध्र वासियों ने पूरी निष्ठा के साथ नाग देवता की आराधना की। सांपा की बांबियों के पास पहुंचकर नागदेवता का दूध, अंडे व फल फूल का भोग लगाया गया। इस मौके पर बांबियों के पास जोरदार आतिशबाजी भी की गई। अपने संतान व घर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि कार्तिक अमावस्या यानि दीपावली के चार दिन बाद आंध्रप्रदेश व दक्षिण भारतीय राज्यों में नाग चतुर्थी का पर्व मनाया जाता है। विशेष रूप से यह पर्व संतान व घर परिवार की सुख समृद्धि तथा सर्प दोष से मुक्ति के लिए मनाया जाता है। इस दिन सांप की बांबियों के पास नाग देवता को दूध व अंडे का भोग लगाने की प्रथा है। मान्यता है कि नाग देवता दूध व अंडे के भोग से प्रसन्न होते हैं और लोगों की कामना पूरी करते हैं।
सांप की बांबियों के पास लगा जुटे लोग
नाग चतुर्थी के मौके पर ट्विनसिटी के आंध्र वासी लोग सोमवार को सुबह से सांप की बांबियों के पास जुटने लगे। इस दौरान मैदानों में बने बांबियों के पास आस्था के साथ पूजा अर्चना की गई। जवाहर नगर स्थित मंकीनम्मा मंदिर परिसर पर बड़ी संख्या में बांबियां बनी हुई हैं जहां लोगों ने साफ सफाई कर पूजा अर्चना की। इस दौरान यहां आंध्र वासियों का मजमा लगा रहा। इसके अलावा टाउनशिप में जगह जगह बनी बांबियों के पास नाग देवता पूजे गए।




