मुंबई (एजेंसी)। केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली से सात बार सांसद रहे मोहन डेलकर की पत्नी कलाबेन डेलकर अब यहां की अगली सांसद होंगी। मंगलवार को सामने आए उपचुनाव के परिणामों में कलाबेन ने यहां 52 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की है। मोहन डेलकर की मौत इसी साल फरवरी में संदिग्ध हालात में मुंबई के एक होटल में हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव करवाना पड़ा था।
कलाबेन डेलकर के सामने चुनावी मैदान में भाजपा के महेश गावित थे, जिन्हें उन्होंने 51,269 मतों के अंतर से हराया। यहां खास बात यह है कि महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर (महा विकास) सरकार बनाने वाली शिवसेना को पहली बार महाराष्ट्र के बाहर किसी लोकसभा सीट पर जीत नसीब हुई है। कलाबेन डेलकर शिवसेना की महाराष्ट्र से बाहर पहली सांसद बन गई हैं।




