मुंबई (एजेंसी)। क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान की 27 दिन बाद आखिरकार जेल से रिहाई हो गई है। वे सुबह 11 बजे आर्थर रोड जेल से बाहर आए। उन्हें लेने के लिए पिता शाहरुख खान खुद आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। आर्यन की रिहाई से पहले शाहरुख के समर्थकों की भीड़ जेल के बाहर व शाहरुख के बंगले मन्नत के पास लगी रही।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 5.30 बजे आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी खोली गई, जिसके बाद आर्यन की जमानत के कागज जेल के अंदर पहुंच गए। जेल सुप्रिटेंडेंट नितिन वायचाल ने बताया कि आर्यन के रिलीज ऑर्डर मिल गए हैं और रिहाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं आर्यन के दोस्त अरबाज की रिहाई शाम तक हो पाएगी।
दी गई शर्तों के साथ बेल
आर्यन का विस्तृत बेल ऑर्डर करीब पांच पेज का है, जिसके मुताबिक, आर्यन और उनके दोनों साथियों को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत मिली है। इसके साथ ही उन्हें कुछ शर्तों का पालन भी करना होगा। किसी भी शर्त का उल्लंघन करने पर तत्काल बेल रिजेक्ट कर दी जाएगी।
शुक्रवार को कई घंटे जेल के ऑफिस में बैठे रहे आर्यन
जेल सूत्रों के मुताबिक रिहाई का इंतजार कर रहे आर्यन दोपहर से ही अपना सामान लेकर जेलर के ऑफिस में बैठे थे, लेकिन शाम 6 तक उनकी रिहाई के लिए कोई भी अनाउंसमेंट नहीं हुआ और वे मायूस होकर वापस अपने बैरक में चले गए।




