मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने नया धमाका किया है। उन्होंने कहा है कि मुंबई क्रूज ड्रग पार्टी में शामिल दाढ़ी वाला फैशन टीवी का हेड काशिफ खान है। यही ड्रग माफिया समीर वानखेड़े का दोस्त है, जो देशभर में ड्रग बेचता है और सेक्स रैकेट चलाता है।

उन्होंने कहा कि मुंबई क्रूज पार्टी में छह बजकर 23 मिनट का एक वीडियो मेरे पास है। उसमें काशिफ खान अपनी मासूका के साथ नाच रहा था। नवाब मलिक ने कहा कि मुंबई क्रूज पार्टी में कई आयोजन किए गए थे। इसमें एक आयोजन काशिफ खान का भी था। वह देश भर में कई इवेंट आयोजित करता है, इन इवेंट में ड्रग का धंधा होता है।
नवाब मलिक ने आरोप लगाया कि समीर वानखेड़े काशिफ खान को लंबे समय से बचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई एनसीबी अधिकारियों ने मुझे बताया कि वह काशिफ खान पर कार्रवाई करना चाहते हैं, लेकिन समीर वानखेड़े उन्हें रोक देते हैं और कार्रवाई से मना करते हैं।
नवाब मलिक ने कहा कि उन्होंने दोबारा एनसीबी डीजी को पत्र लिखा है। अपील की है कि 26 मामलों को बंद न किया जाए। उनकी जांच हो और जो बेगुनाह हैं उन्हें न्याय मिले। उन्होंने कहा कि मुंबई की जेलों में 100 से ज्यादा बेगुनाह बंद हैं। इन्हें झूठे आरोपों में फंसाने वाले लोगों की जांच होनी चाहिए और सजा मिलनी चाहिए।




