बहादुरगढ़ (एजेंसी)। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में शामिल पंजाब की तीन महिलाओं की झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर बाईपास के फ्लाईओवर के नीचे डंपर से कुचले जाने से मौत हो गई। हादसे में दो महिलाएं घायल हुई हैं। सभी महिलाएं मानसा की निवासी थीं।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 6.15 बजे यहां कुछ महिलाएं और पुरुष स्थानीय रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहे थे। उन्हें पंजाब जाना था। महिलाएं डिवाइडर पर बैठी थीं कि तेज गति से आए डंपर ने उन्हें रौंद दिया। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। एक के पांव की हड्डी टूट गई है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शवों को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह पहुंचाया गया है। घटना के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मृतक आंदोलनकारी किसान महिलाओं में छिंदर कौर पत्नी भान सिंह (60), अमरजीत कौर पत्नी हरजीत सिंह (58), गुरमेल कौर पत्नी भोला सिंह (60) शामिल हैं। यह महिलाएं निर्धारित अवधि तक यहां किसान आंदोलन में रहकर अपनी बारी खत्म होने के बाद पंजाब जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। डिवाइडर पर बैठी थी कि झज्जर की तरफ से आ रहे डंपर नंबर एचआर-55 एन-2287 ने टक्कर मार दी, जिसमें उक्त तीनों की मृत्यु हो गई। इस हादसे में गुरमेल कौर पत्नी मेहर सिंह(60) और हरमीत कौर हादसे में घायल हो गई हैं। उन्हें बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।




