टोक्यो (एजेंसी)। जापान की राजकुमारी माको ने अपने शाही दर्जे को अलविदा कहते हुए मंगलवार को उस आम व्यक्ति से शादी कर ली, जिसे वह प्रेम करती हैं। सम्राट नारुहितो की भतीजी माको ने अपने ब्वॉयफ्रेंड केई कोमुरो से विवाह कर लिया है। दोनों इंटरनेशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी में साथ पढ़ाई करते थे। दोनों ने सितंबर 2017 में शादी करने का एलान किया था।

शाही परिवार के कानूनों के अनुसार केई से शादी करने के बाद अब माको का राजशाही का दर्जा छोडऩा पड़ा है। अब वह राजकुमारी नहीं बल्कि न्यूयॉर्क में एक आम नागरिक की तरह रहेंगी। माको ने अपनी मर्जी से आम आदमी से शादी रचाने के लिए परिवार छोडऩे वाली महिलाओं को दिए जाने वाले सामान्य 13 लाख डॉलर के भुगतान को भी ठुकरा दिया था।
घोटाले की वजह से हुई थी विवाह में देरी
बता दें कि उनकी सगाई के बाद शादी में देरी माको की सास के पैसे से जुड़े एक घोटाले की वजह से हुआ। शाही परिवार इस मामले को अपने लिए एक शर्मिंदगी की तरह मानता है। माको और केई कोमुरो के बीच प्रेम उस वक्त पनपा जब 2017 में वे दोनों कॉलेज में पढ़ते थे। दोनों की शादी बिना शाही तौर-तरीकों के बेहद सामान्य तरीके से आयोजित हुई।
कोमुरो की मां का पूर्व मंगेतर से था विवाद
माको ने जब तीन साल पहले कोमुरो से शादी की घोषणा की थी तब एक अखबार के जरिए पता लगा था कि कोमुरो की मां और उसके पूर्व मंगेतर के बीच एक वित्तीय विवाद है। इसमें दावा किया गया कि मां और बेटे ने करीब 35,000 डॉलर का कर्ज नहीं चुकाया था। कोमुरो ने कहा था कि यह पैसा उपहार स्वरूप दिया गया था, किसी ऋण के रूप में नहीं।




