प्रयागराज (एजेंसी)। निरंजनी अखाड़े के महंत और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार उलझता ही जा रहा है। पुलिस ने महंत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उनके शिष्य योगगुरु आनंद गिरि, लेटे हुए हनुमान मंदिर के पुजारी आद्या तिवारी और उनके बेटे संदीप तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अब महंत के अंतिम संस्कार की भी तैयारियां की जा रही हैं। उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार यानी आज बाघंबरी गद्दी मठ में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। सीएम योगी और अखिलेश यादव सहित कई लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

मामले से जुड़ी हर घटना का होगा पर्दाफाश: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतिम दर्शन के बाद कहा कि महंत नरेंद्र गिरि से जुड़े हर घटना का पर्दाफाश होगा। बुधवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में बेवजह की बयानबाजी से परहेज करने को कहा है।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाघंबरी मठ पहुंचकर महंत नरेंद्र गिरि को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी मौजूद रहे।
साधु संत चाहेंगे तो सीबीआई जांच होगी: मौर्य
श्रद्धांजलि देने पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने अंतिम दर्शन के बाद कहा कि साधु संत चाहेंगे तो इस मामले की सीबीआई जांच होगी। कांग्रेस को हर चीज में राजनीति दिखती है। वहीं, मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।




