नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में दो दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में 30 हजार से भी कम नए मामले सामने आए हैं, शनिवार को सिर्फ 28 हजार 591 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जबकि 338 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। वहीं, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। 34 हजार 848 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, केरल में कोरोना के मामले जिस तेजी से घटने चाहिए, वैसा नहीं दिख रहा है। सूत्रों की मानें तो केरल में वैक्सीनेशन की रफ्तार कम होने की वजह से कोरोना के नए मामले बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार नए केस सामने आने के बाद कुल संक्रमितों को आंकड़ा 3 करोड़ 32 लाख 36 हजार 921 तक पहुंच गया है। यही नहीं अब तक देश में 3 करोड़ 24 लाख 9 हजार 345 लोग कोरोना की जंग जीत चुके हैं। इसके अलावा अब तक देश में कोरोना के कारण 4 लाख 42 हजार 655 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामलों की बात करें तो देश में फिलहाल 3 लाख 84 हजार 921 लोगों का इलाज चल रहा है।




