पटना (एजेंसी)। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सोमवार को अपना 25 वां स्थापना दिवस मना रही है। लंबे अरसे बाद आज पार्टी प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। स्थापना दिवस के अवसर पर लालू यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने लोजपा के दिवंगत नेता रामविलास पासवान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

यूं तो आम तौर पर अपनी ही पार्टी के पोस्टरों से दूर रहने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव इस बार इस समारोह को लेकर लगाए गए पोस्टरों में खूब नजर आ रहे हैं। इसी कार्यक्रम के सिलसिले में पटना में लगे एक पोस्टर में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव नजर आ रहे हैं। इसपर लिखा है कि राजद के 25वें स्थापना दिवस की बधाई।




