रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना से बचाव के लिए लगाए गए टीकों की संख्या आज एक करोड़ को पार कर गई है। स्वास्थ्य विभाग से आज रात आठ बजे तक मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में पहली और दूसरी दोनों खुराक को मिलाकर अब तक एक करोड़ 46 हजार 995 टीके लगाए गए हैं। राज्य में 83 लाख 64 हजार 313 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए पहला टीका और 16 लाख 82 हजार 682 लोगों को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं।
एक करोड़ का आंकड़ा छूने में साढ़े 5 माह से ज्यादा का समय लग गया। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों और अफसरों का कहना है प्रदेश में एक करोड़ डोज लगने से कोरोना के खिलाफ लडऩे में मदद मिलेगी। संभावित तीसरी लहर में लोग कम संक्रमित होंगे और होंगे तो गंभीर नहीं होंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए टीका बेहतर विकल्प है। ऐसे में लोगों को आगे आकर टीके लगाने होंगे। लोग कोविन पोर्टल में रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। टीकाकरण अभियान में सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग के फ्रंट लाइन स्टाफ का वैक्सीनेशन किया गया। उसके बाद पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण किया गया।
पछले 24 घंटों में 300 से कम मिले नए मरीज
इधर कोरोना संक्रमण की स्थिति में प्रदेश में काबू आ गई है। बढ़ते वैक्सीनेशन को इसका कारण माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 294 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 581 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं दूसरी ओर 24 घंटे में 03 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 13453 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 लाख 95 हजार 489 हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 76 हजार 706 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 5,330 हो गई है।





