इंदौर (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के शहर इंदौर से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। इंदौर में चोरी की नीयत से आधी रात में एक घर में घुसे तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर महिला से गैंगरेप किया। युवती कोरोना संक्रमित होने के बाद होम क्वारंटीन थी। बदमाश 50 हजार नकद और दो मोबाइल भी ले गए। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को सीसीटीवी की मदद से तीन आरोपियों में दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी भी फरार है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी नाबालिग हैं।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि कोरोना संक्रमित होने के बाद वह अपने घर में अकेली रह रही थी। गुरुवार रात 2 बजे उसकी नींद खुली, तो तीन लोग उसके पलंग के पास खड़े थे। बदमाशों ने चाकू, कटर और कैंची दिखाते हुए पैसों और गहनों की मांग की। महिला ने उन्हें 50 हजार रुपये और दो मोबाइल दे दिए। इसके बाद तीनों ने महिला के साथ गैंगरेप किया।कोरोना से कमजोरी के कारण महिला उनका विरोध नहीं कर पाई। महिला ने बताया कि उनके हाथ में चाकू और कैंची होने के चलते हत्या के डर से मैं शोर भी नहीं मचा पाई। पीडि़ता ने बताया कि घटना के बाद भी एक बदमाश सुबह 5 बजे तक उसके घर के बाहर पहरा देता रहा ताकि महिला पुलिस के पास न जा सके। सुबह उजाला होने के बाद भाग निकला।





