दुर्ग। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण अपने चरम पर है। प्रदेश सरकार द्वारा अपनाई जा रही सावधानियों के कारण संक्रमण का दायरा धीरे-धीरे घट रहा है। इसके बाद भी कोरोना को लेकर पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी है। इस बीच छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने मास्क पहनों छत्तीसगढ़ नाम से अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को अभियान का शुभारंभ किया गया। दुर्ग में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संदीप वोरा ने अभियान का शुभारंभ करते हुए लोगों को मास्क बांटे।
इस दौरान संदीप वोरा ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क ही ब्रह्मास्त्र है इसकी अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। युवा कांग्रेस द्वारा लगातार लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। संदीप वोरा ने कहा कि वर्तमान में भले हैं दुर्ग जिले में संक्रमण की दर घटी है उसके बाद भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसे देखते हुए हम लोगों से मास्क पहनने की अपील कर रहे हैं। इसके लिए प्रदेश स्तर पर युवा कांग्रेस ने मास्क पहने छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत लोगों को निशुल्क मास्क का वितरण किया जाएगा, ताकि लोग कोरोना से सुरक्षित रह सकें। मास्क वितरण कार्यक्रम में ज़िला कांग्रेस महासचिव गौरव उमरे और युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष आयुष शर्मा भी मौजूद रहे।





