नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कहर मचाया हुआ है। प्रतिदिन कोरोना के नए मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.79 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। राहत की बात ये है कि अब डेढ़ करोड़ से ज्यादा मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में 3,79,257 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,83,76,524 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटों में 3645 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,04,832 पहुंच गई। एक दिन में पहली बार 3600 से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 2,69,507 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,50,86,878 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 30,84,814 पहुंच गए हैं।
सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में 985 लोगों की मौत
कोरोना से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 63,309 नए मामले आए तथा संक्रमण से 985 और लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में कोरोना का कहर कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी प्रकार दिल्ली में कोरोना के 25,986 नए मामले सामने आए और 368 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में 29,824 नए मरीज मिले हैं जबकि 33,903 डिस्चार्ज हुए हैं। मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को 266 लोगों की मौत हो गई। इन दिनों तीन लाख 41 एक्टिव केस हैं। इसी तरह 35,903 लोग डिस्चार्ज हुए हैं।
भारत में कोरोना: पिछले 24 घंटे में मिले रिकार्ड 3.79 से ज्यादा नए केस, 3645 की गई जान, स्वस्थ्य होने वालों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार




