नई दिल्ली (एजेंसी)। पिछले साल कोरोना महामारी के दौरान सराहना का पात्र बनी दिल्ली पुलिस अब भी शांति, सेवा और न्याय के अपने ध्येय के अनुरूप काम कर रही है। सप्ताहांत कफ्र्यू के बीच पुलिस नियम तोडऩे वालों पर सख्ती भी बरत रही है और जरूरतमंदों की सेवा भी कर रही है। वहीं, झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों के लिए खाने का इंतजाम भी किया जा रहा है। राजधानी के सभी जिलों के पुलिस उपायुक्त कफ्र्यू का सही ढंग से पालन कराने के लिए खुद इलाकों का जायजा ले रहे हैं। खासकर, ऐसी जगहों पर जहां भीड़भाड़ जुटने की संभावना होती है।
मसलन, सब्जी मंडी और बाजारों पर पैनी नजर है। मंडी में जाने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि रविवार सुबह मंडी में भीड़भाड़ देखी गई, लेकिन ज्यादातर लोग नियमों का पालन कर रहे थे। छोटी मंडियों को खुले स्थान पर खोलने को लेकर दूसरी एजेंसियों से बात की गई है। इन जगहों पर कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस तुरंत कार्रवाई कर रही है। राजधानी के सभी इलाके में पिकेट लगाकर पुलिस वहां से गुजरने वाले की जांच कर रही है।
भीड़भाड़ वाले जगहों पर लाउडस्पीकर से नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। लोगों को मास्क लगाने सामाजिक दूरी का पालन करने, हाथ धोने और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। पुलिसकर्मी अपने थानों और चौकी को सैनिटाइज कर रहे हैं और अपने इलाके में रहने वाले लोगों को बीमारी से अवगत करा रहे हैं। दक्षिण पूर्वी जिला में कोरोना महामारी से बचाव के लिए कोविड कवच वाहन का शुभारंभ किया है, जो पूरे जिले में घूमकर लोगों को कोरोना से बचाव और नियमों की अवहेलना नहीं करने के लिए जागरूक कर रहा है।
उत्तर पश्चिम जिले की पुलिस कई झुग्गी बस्ती में जाकर जरूरतमंद लोगों को खाना पहुंचा रही है। उन्हें घरों में रहने और कोविड नियमों का पालन करने की भी सलाह दे रही है। उन्हें मास्क, फल और खाने का सामान मुहैया कराया जा रहा है। जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




