स्पोट्र्स डेस्क (एजेंसी)। अफगानिस्तान के 26 वर्षीय क्रिकेटर हश्मतुल्लाह शहीदी ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। शहीदी ने अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन 443 गेंदों में अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह अफगानिस्तान की तरफ से टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। शहीदी ने अपनी एतिहासिक पारी के दौरान 21 चौके और एक छक्का लगाया।
बता दें कि शहीदी ने इससे पहले चार टेस्ट मुकाबले ही खेले थे जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से कुल 147 रन बनाए थे। उनका सर्वोच्च स्कोर भी तब 61 का था लेकिन अब उन्होंने अपना और अफगानिस्तान के टेस्ट इतिहास का पहला दोहरा शतक जड़ दिया है।
बात करें मैच की तो शहीदी ने सबसे पहले इब्राहिम जदरान (72) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने टीम के कप्तान असगर अफगान के साथ चौथे विकेट के लिए 307 और फिर पांचवें विकेट के लिए नासिर जमाल (55*) के साथ मिलकर 117 रनों की साझेदारी की।
दिलचस्प यह है कि इसी मैच में शहीदी से पहले असगर अफगान (164) ने अफगानिस्तान की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बनाया था। वे अफगानिस्तान की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में 150 से अधिक का स्कोर करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। लेकिन कुछ ही घंटों बाद हश्मतुल्लाह ने इसे अपने नाम कर लिया।
जिम्बाबवे के खिलाफ पहला टेस्ट मैच दो दिन में बुरी तरह से हारने वाली अफगानिस्तान की टीम ने दमदार वापसी की। उसने यहां दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन चार विकेट पर 545 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की। यह अफगानिस्तान का टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर भी है।




