नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वैक्सीन का दूसरा फेज सोमवार से शुरू हो गया है। इसमें देश के सीनियर सिटीजन्स का कोरोना वैक्सीनेशन होना है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में कोवैक्सीन की पहली डोज ली। वे खुद सुबह-सुबह एम्स अस्पताल पहुंचे और कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान वे बंगाली वेशभूषा व असमिया गमछा पहले नजर आए। वैक्सीनेशन के बाद उन्होंने लोगों से कोरोना का टीका लगाने और भारत को कोविड-19 से मुक्त कराने के लिए साथ आने आने की अपील की है।
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को सुबह-सुबह एम्स अस्पताल पहुंचे अस्पताल जाने के लिए उन्होंने कोई तय रूट फॉलो नहीं किया जिससे लोगों को उनके काफिले के कारण किसी तरह की परेशानी न हो। उन्हें पुडुचेरी की नर्स पी निवेदा ने कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान प्रधानमंत्री के पीछे केरल की नर्स खड़ी थी। वैक्सीन लगवाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा, ‘मैंने एम्स में कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ली, यह प्रशंसनीय है कि कैसे हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए त्वरित समय में काम किया है। मैं उन सभी से अपील करता हूं, जो वैक्सीन लेने के योग्य हैं, साथ आएं, हम मिलकर भारत को कोरोना मुक्त बनाएंगे।





