भिलाई। केरल, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के बाद हरियाणा और गुजरात में भी बर्ड फ्लू पहुंच गया है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू की पुष्टि की। हरियाणा के पंचकूला के दो नमूने पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद दो फार्म के एक किलोमीटर दायरे में आने वाले पांच पॉल्ट्री फार्म की 1.66 लाख मुर्गियों को मारने का फैसला हुआ। वहीं छत्तीसगढ़ में भी चार कौवों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इसके अलावा गुजरात के जूनागढ़ में भी मृत प्रवासी पक्षी में एवियन इंफ्लूएंजा की पुष्टि हुई। दिल्ली व छत्तीसगढ़ में मृत पक्षी मिलने से संक्रमण की आशंका है। वहीं, केंद्र ने प्रभावित राज्यों में निगरानी और जांच के लिए टीम तैनात की है।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चार कौवे मृत मिलने से प्रशासन सकते में है। हालांकि प्रशासन इस बात का दावा कर रहा है कि मृत कौंवों में बर्ड फ्लू की आशंका नहीं है। जिले के कलेक्टर जनमेजय महोबे ने इस संबंध में बताया जिला मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर पोंडी गांव में मृत मिले चार कौवों के सैंपल भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
दो और राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि , हरियाणा में 1.66 लाख मुर्गियों को मारने का आदेश… छत्तीसगढ़ में भी बर्ड फ्लू की दस्तक




