कोटा (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ राजस्थान के कोटा में बड़ा सड़क हादसा हो गया। दरअसल, वह अपनी कार से कहीं जा रहे थे। अचानक उनकी कार का टायर निकल गया। इसके बाद गाड़ी पलटी खाते हुए एक ढाबे में जा घुसी। इस हादसे में अजहरुद्दीन और उनके परिवार को चोट नहीं लगी, लेकिन उनका ड्राइवर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जांच में कुछ खास जानकारी नहीं मिली है।
सूरवाल के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद अजहरुद्दीन अपने परिवार के साथ रणथंभौर जा रहे थे। लालसोट कोटा मेगा हाईवे पर सूरवाल थाने के पास तेज रफ्तार कार का टायर अचानक निकल गया। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए सड़क किनारे मौजूद ढाबे में जा घुसी।

ड्राइवर समेत दो लोग घायल
बताया जा रहा है कि इस हादसे में अजहरुद्दीन और उनके परिवार के किसी भी सदस्य को चोट नहीं लगी। हालांकि, कार चला रहा ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया। इसके अलावा ढाबे पर काम करने वाले एहसान को भी चोटें लगी हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




