नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में हाल के कुछ महीनों में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। पिछले 24 घंटे में 18,732 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, इस दौरान 279 मरीजों ने जान गंवाई है, इस तरह मृतकों की संख्या भी तीन सौ से कम रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार अब देश में वायरस की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1,01,87,850 हो चुकी है। इस दौरान 279 मरीजों के संक्रमण के चलते दम तोडऩे के बाद मृतकों की संख्या 1,47,622 हो गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रणममुक्त मरीजों की संख्या 97 लाख से अधिक हो गई है। पिछले 24 घंटे में 21,430 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं, जिसके बाद संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या 97,61,538 हो गई है। वहीं देश में सक्रिय मामले लगातार तीन लाख से नीचे बने हुए हैं। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 2,78,690 है। भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ से अधिक हो गई थी।





