चेन्नई (एजेंसी)। चक्रवाती तूफान बुरेवी को लेकर मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। बुरेवी के शुक्रवार को तमिलनाडु और केरल के तट पर तक आने का अनुमान है। अलर्ट के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
चक्रवाती तूफान की चेतावनी को देखते हुए एनडीआरएफ की आठ टीमों को केरल में तैनात किया गया है। वहीं वायुसेना और नौसेना की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। 175 परिवारों के 697 से अधिक लोगों को राहत कैंपों में पहुंचाया गया है। जबकि 2489 अन्य कैंप बनाए गए हैं। प्रभावित होने वाले राज्यों एनडीआरएफ की कई टीमें दोनों राज्यों में तैनात हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दोनों राज्यों के सीएम से बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल के दक्षिण हिस्से के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
चक्रवात के मद्देनजर तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात 12 बजे तक उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई है। तूतीकोरिन हवाई अड्डा भी शुक्रवार को बंद रहेगा। वहीं केरल के तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट कल सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। यह कदम हवाई अड्डे के संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
तमिलनाडु-केरल के तट से आज टकराएगा चक्रवाती तूफान बुरेवी…. एनडीआरएफ की कई टीमें तैनात





