नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना वायरस ने दुनियाभर की नाक में दम किया हुआ है और सारे विश्व के वैज्ञानिक इसकी सटीक वैक्सीन की खोज में जुटे हुए हैं। भारत भी इस गंभीर वायरस से बुरी तरह जूझ रहा है लेकिन संक्रमण के घटते दैनिक मामले कई बार बड़ी राहत दे रहे हैं। बीते 24 घंटों में सामने आए केस की बात करें तो 31,118 नए मामलों के साथ, भारत में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 94,62,810 हो गए हैं। वहीं 482 नई मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1,37,621 हो गया है। इसके अलावा भारत में फिलहाल कोरोना के 4,35,603 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटे में 41,985 नई रिकवरी के साथ 88,89,585 लोग अब तक घर जा चुके हैं।

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में कमी आने से रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गई और यह 93.61 फीसदी रह गई है।
देश में सक्रिय मामलों की दर 4.90 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.46 फीसदी पर बनी हुई है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या करीब 1.28 करोड हो गई है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी 38.86 लाख मामले पीछे चल रहा है।




