नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। पिछले 24 घंटे में 37,975 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जबकि सोमवार को संक्रमण के 44,059 नए मामले सामने आए थे। देश में संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 86 लाख के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 37,975 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोविड-19 के चलते जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या 480 रही है। वहीं, देश में कोरोना वायरस के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 91,77,841 हो गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 86,04,955 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 42,314 मरीजों ने वायरस को मात दी है और अस्पताल से घर लौटे हैं। वहीं, देश में सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख से नीचे बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 4,38,667 है। वहीं, इस खतरनाक वायरस के चलते अब तक देश में 1,34,218 मरीजों ने जान गंवाई है।
भारत में कोरोना: दैनिक मामलों में गिरावट के साथ पिछले 24 घंटों में मिले 37975 नए केस….. 91 लाख 77 हजार के पार पहुंची कुल संक्रमितों की संख्या





