मंडी (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंडी के पास पुलघराट इलाके में सुकेत खड्ड नदी में एक पिकअप के गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना देर रात करीब 3 बजे हुई। हादसे में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। चालक बल्ह के किसी टेंट हाउस ठेकेदार का कर्मचारी बताया जा रहा है। हादसे में मरने वाले सभी लोग बिहार से आए मजदूर बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ठाकुर पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नदी में गिरी गाड़ी से शवों को बाहर निकाला। चालक को अस्पताल भर्ती करवा दिया है जिसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
बताया जा रहा है किद यह सभी मजदूर देर रात ही बस स्टैंड पर बिहार से आकर उतरे थे और उसके बाद इन्हें लेने ठेकेदार की गाड़ी आई लेकिन पुल घराट के पास पिकअप अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। जिससे पीछे बैठे सभी सात लोगों की मौत हो गई। सभी शवों को जोनल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।





