पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल में महागठबंधन की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। एग्जिट पोल में बिहारवासियों ने तेजस्वी को नीतीश कुमार से बेहतर मुख्यमंत्री का उम्मीदवार माना है। वहीं, अगर एग्जिट पोल्स नतीजों में तब्दील होते हैं तो फिर वे सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में इतिहास रचने जा रहे हैं। दरअसल, तेजस्वी अगर बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनते हैं तो फिर वे किसी भी राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे।

बिहार के तीसरे चरण के मतदान के बाद शनिवार शाम को जारी किए गए एग्जिट पोल की मानें तो महागठबंधन को 180 तक सीटें मिल सकती हैं। टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में महागठबंधन की बिहार में सुनामी दिखाई दे रही है। वहीं, इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने महागठबंधन को 139-161 सीटें दी हैं, जबकि एनडीए के खाते में 69-91 सीटें गई हैं। इसके अलावा, एबीपी न्यूज-सी वोटर की मानें तो 104-128 सीटें आरजेडी+ के खाते में जा सकती हैं। इस तरह से लगभग सभी पोल्स में महागठबंधन की सरकार बनते हुए दिखाई दे रही है।
सीएम बनने पर इतिहास रचेंगे तेजस्वी
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर, 1989 को हुआ था। उनकी उम्र अभी 30 साल है, लेकिन सोमवार को तेजस्वी जन्मदिन मनाने जा रहे हैं, जिसके बाद उनकी उम्र 31 साल हो जाएगी। 10 नवंबर को आने वाले नतीजों के बाद तेजस्वी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समय 31 साल के होंगे। वह पूरे देश में किसी भी राज्य के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बन जाएंगे। हालांकि, पुडुचेरी के पूर्व सीएम एमओएच फारुक 29 साल में मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन मालूम हो कि पुडुचेरी राज्य नहीं, केंद्र शासित प्रदेश है। वहीं, बिहार में अब तक के सबसे कम उम्र के सीएम सतीश प्रसाद सिंह थे, जोकि जनवरी 1968 में मुख्यमंत्री बने थे। तब उनकी उम्र 32 साल थी। इस तरह किसी भी राज्य में सबसे कम उम्र के सीएम तेजस्वी होंगे।
कब तक आएंगे नतीजे?
बिहार विधानसभा चुनाव के तीन चरणों की वोटिंग शनिवार को खत्म हुई है। इस बार राज्य की सभी 243 सीटों पर तीन चरणों में मतदान करवाए गए हैं। कोरोना काल में हुए मतदान का पहला चरण 28 अक्टूबर को हुआ था। दूसरे चरण क मतदान 3 नवंबर को और तीसरे फेज की वोटिंग सात नवंबर को हुई। वहीं, नतीजों की बात करें तो चुनाव आयोग इसका ऐलान 10 नवंबर को करने जा रहा है। मंगलवार को काउंटिंग शुरू होने के महज कुछ ही घंटों में साफ हो जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होने जा रहा है।




