लखनऊ (एजेंसी)। यूपी राज्यसभा चुनाव से पहले बसपा को जोरदार झटका लगा है। बसपा के प्रत्यशी रामजी गौतम के 10 प्रस्तावकों में से 5 प्रस्तावकों ने अपना प्रस्ताव वापस लिया। इनमें असलम चौधरी ,असलम राईनी, मुज्तबा सिद्दीकी ,हाकम लाल बिंद ,गोविंद जाटव शामिल हैं। कल ही असलम चौधरी की पत्नी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। यूपी में दस राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसके लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा की ओर से आठ, समाजवादी पार्टी के एक, बहुजन समाज पार्टी के एक और एक निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

राज्यसभा चुनाव की जंग सपा ने बिछाए बसपा की राह में कांटे
इससे पहले ऐन मौके पर सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में आ जाने से अब राज्यसभा चुनाव की जंग रोचक हो गई थी। अगर सबके पर्चे सही पाए गए तो 11 प्रत्याशियों में से 10 को चुनने के लिए मतदान होगा। विधायकगण वोट डालेंगे। सपा की इस चाल से चुनाव की नौबत आ गई है। इससे बसपा का खेल मुश्किल हो गया है। इससे बड़ी बात यह कि विधायकों में क्रासवोटिंग के आसार भी अब बनेंगे। भाजपा इस स्थिति से बचना चाहती थी। इसलिए उसने अपना नौवां प्रत्याशी नहीं उतारा और एक तरह से उसके इस कदम से बसपा की राह भी आसान हो गई थी।




