नई दिल्ली (एजेंसी) | कोरोना वायरस महामारी के खौफ के बीच दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के 13वें सीजन की शुरुआत शनिवार से होगी जिसमें एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के शांत रवैये, विराट कोहली की आक्रामकता और रोहित शर्मा की कप्तानी पर सभी की नजरें होंगी। डिफेंडिंग चैम्पियन रोहित की मुंबई इंडियंस का सामना पहले मैच में धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। भारत में कोरोना महामारी के बढते मामलों के कारण टूर्नामेंट यूएई में खेला जा रहा है और मैदान में दर्शक नहीं होंगे। कठिन हालात में सिनेमा और क्रिकेट के लिए तरस रहे दर्शकों के लिए भी यह आईपीएल खास रहेगा।आईपीएल में इस बार 10 बार एक दिन में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दो मैचों वाले दिन पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से शुरु होगा। शाम के सभी मैच भारतीय समयानुसार साढ़े सात बजे से खेले जाएंगे। दुबई में 24, अबु धाबी में 20 और शारजाह में 12 मुकाबले खेले जाएंगे। अबु धाबी साढ़े तीन बजे वाले पांच मैचों, दुबई चार मैचों और शारजाह एक मैच का आयोजन करेगा। सभी टीमें दिन वाले कम से कम दो मैच खेलेंगी जबकी बेंगलुरु, कोलकाता, राजस्थान और हैदराबाद दिन के तीन-तीन मैच खेलेंगी।
कैसा रहेगा आबू धाबी का मौसम
अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2020 के मैचों में बारिश की वजह से रुकावट का कोई मौका नहीं है। गर्मी अधिक होने की वजह से शाम के वक्त का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और ह्यूमिडिटी का स्तर बहुत अधिक होगा।
शेख जायद स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम ने पिछले दस सालों में 45 टी-20 मैचों की मेजबानी की है, जहां टॉप स्कोर 225/7 रहा है। पिच बल्लेबाजों के लिए अच्छी रही है, लेकिन स्पिन गेंदबाज यहां अक्सर बल्लेबाजों पर हावी रहते हैं। अबू धाबी में खेले गए टी-20 मैचों में औसत रन रेट 7 है, जो दर्शाता है कि 150 रन से ऊपर आसानी से बनाए जा सकते हैं। हांगकांग की टीम ने यहां अफगानिस्तान के खिलाफ बाद में बल्लेबाजी करते हुए 163 रन के लक्ष्य का पीछा किया था, जो कि अब तक का रिकॉर्ड है।




