नई दिल्ली (एजेंसी)। जदयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह एक बार फिर राज्यसभा के उपसभापति चुने गए। इस बात की घोषणा राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरिवंश को जीत की बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा, हरिवंश जी का जितना सम्मान मैं करता हूं, सदन का हर सदस्य उनका उतना ही सम्मान करता है। उन्होंने यह सम्मान कमाया है। संसद में उनकी निष्पक्ष भूमिका हमारे लोकतंत्र को मजबूत करती है। उन्होंने आगे कहा, हरिवंश जी जयप्रकाश नारायण (जेपी) के गांव से आते हैं। उनके ऊपर जेपी का प्रभाव है। शालीनता से पेश आना उनकी कला है। हरिवंश जी जमीन से जुड़े हैं। उनकी घुट्टी में संतोष ही सुख है। हरिवंश जी ने चार दशक तक पत्रकारिता की।





